मतदान के दौरान हुए बवाल में सौ से अधिक अज्ञात लोगों पर केस

रुड़की

मंगलौर उपचुनाव में मतदान के बीच लिब्बरहेड़ी में पथराव होने पर बवाल हो गया था, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। हल्का दरोगा की ओर से सौ से अधिक अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। विधानसभा उपचुनाव के लिए बुधवार को मंगलौर में मतदान था। उपचुनाव के दौरान कोतवाली क्षेत्र के गांव लिब्बरहेड़ी के बूथ संख्या 53 और 54 पर मतदान को लेकर दो पक्षों में झगड़ने पर बवाल हो गया था। उप निरीक्षक मनोज कठैत की ओर से कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। जिसमें बताया गया है कि वह शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और पीएसी साथ क्षेत्र में भ्रमण पर गए थे। सुरक्षा बल टीम को नसीरपुर पुल पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए छोड़ा और गांव लिब्बरहेडी पहुंचे थे। जहां पर ग्रामीणों ने उन्हें बताया था कुछ लोगों ने उपद्रव फैलाने का प्रयास कर पथराव किया है। जिसमें गांव के शकील, तौकीन और अशरफ घायल हुए हैं। लेकिन किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने अपनी ओर से एक सौ से अधिक अज्ञात लोगों के मुकदमा दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *