हेरोइन के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

ऋषिकेश

ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने आस्था पथ के पास चेकिंग के दौरान हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि कोतवाली ऋषिकेश की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आस्था पथ स्थित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के पास पुलिस को एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। तलाशी लेने पर युवक की दाहिने हाथ की मुट्ठी से एक पन्नी बरामद हुई, जिसमें 10.40 ग्राम हेरोइन यानी कि स्मैक पाई गई। पूछताछ में आरोपी की पहचान भोला निवासी चंद्रेश्वर नगर के रूप में हुई है। भोला ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि वह कम दाम में स्मैक खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता है। उसने बताया कि वह यह स्मैक सपेरा बस्ती काले की ढाल निवासी जीत पुत्र जयराज से खरीदकर लाया है। उसका मुख्य लक्ष्य गंगा घाटों पर घूमने वाले मजदूर, लड़के और बाबा होते हैं। जिन्हें वह नशे की पुड़िया बेचकर अच्छी कमाई करता है। उसने लालच में आकर इस अपराध की दुनिया में कदम रखने की बात कबूल की है। त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार और उनकी टीम को एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने शाबाशी दी है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल का कहना है कि ऋषिकेश में नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है और मुख्य सप्लायर की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *