सीएचसी नारसन में एंटी रेबीज वैक्सीन खत्म, मरीज परेशान

रुड़की

सीएचसी नारसन में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध न होने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वैक्सीन के अभाव में रोजाना कई मरीज निराश होकर वापस लौट रहे हैं। बताया गया कि पिछले करीब एक सप्ताह से अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं है। प्रतिदिन 5-6 लोग कुत्ते के काटने पर टीका लगवाने पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें वैक्सीन नहीं मिल पा रही। आर्थिक रूप से सक्षम लोग बाजार से महंगी वैक्सीन खरीद रहे हैं, जबकि गरीब मरीजों के लिए यह मुश्किल साबित हो रहा है। शनिवार को अजब नामक व्यक्ति ने बताया कि कुत्ते के काटने के बाद वह टीका लगवाने आया था, लेकिन वैक्सीन न होने के कारण उसे वापस लौटना पड़ा। कई लोग मजबूरी में झोलाछाप के पास इलाज कराकर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. उस्मान ने बताया कि फार्मासिस्ट के अनुसार फिलहाल अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *