पंत विवि को विश्व के शीर्ष संस्थानों में पहुंचाना ही लक्ष्य : कुलपति

रुद्रपुर

मंगलवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के गांधी हॉल सभागार में कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने छात्रों और पूर्व छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को विश्व के शीर्ष संस्थानों में पहुंचाना ही लक्ष्य है। कुलपति ने विश्वविद्यालय के गौरवशाली इतिहास और भविष्य की रूपरेखा प्रस्तुत की। कहा कि पंतनगर विवि ने कई प्रतिभाशाली छात्र दिए हैं, जिन्होंने इसी विश्वविद्यालय में कुलपति बनकर भी सेवाएं दीं। इस समृद्ध परंपरा का हिस्सा बनना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को विश्व के शीर्ष संस्थानों में पहुंचाना तभी संभव है, जब पूर्व छात्र अपने अनुभव, विचार और सहयोग के लिए आगे आएं। उन्होंने पूर्व छात्रों से ईमेल के माध्यम से सुझाव साझा करने की अपील की। बताया कि जल्द ही विशेषज्ञों और नीति-निर्माताओं के साथ मिलकर विकास की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी। अंत में उन्होंने कहा कि पंतनगर की संस्कृति संकल्प को हकीकत में बदलने की है.
फ्रांस-रूस से लौटे छात्रों के अनुभव:   पंतनगर। मंगलवार को फ्रांस और रूस से लौटे छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव कुलपति डॉ. एसके कश्यप के समक्ष साझा किए। फ्रांस में इंटर्नशिप कर लौटे छात्रों ने उन्नत कृषि तकनीकों, खाद्य प्रसंस्करण, आधुनिक शोध पद्धतियों और व्यावहारिक प्रशिक्षण के अनुभव बताए। उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर ने उन्हें वैश्विक मानकों को समझने का अवसर दिया। वहीं रूस के सेंट पीटर्सबर्ग और मॉस्को के शैक्षणिक भ्रमण पर गए छात्रों ने अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, शोध सुविधाओं और विशेष रूप से आईवीएफ तकनीक की जानकारी हासिल की, जो पशु प्रजनन विज्ञान में महत्वपूर्ण है। कुलपति ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाते हैं। अंतरराष्ट्रीय कार्य निदेशक डॉ. एचजे शिवा प्रसाद ने बताया कि विश्वविद्यालय लगातार अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ा रहा है, ताकि अधिक छात्रों को वैश्विक अवसर मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *