शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला, बदलते दौर में बढ़ी जिम्मेदारी : राज्यपाल

देहरादून

शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने प्रदेशवासियों और सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। वे विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना से भी जोड़ते हैं।
राज्यपाल ने महान शिक्षक, दार्शनिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को नमन किया।उन्होंने कहा कि बदलते दौर में शिक्षकों की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। शिक्षा को नवाचार, तकनीक, कौशल और संस्कारों से जोड़कर विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना समय की आवश्यकता है।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड के शिक्षक अपने ज्ञान, समर्पण और प्रतिबद्धता से विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। शिक्षक की जिम्मेदारी सिर्फ पाठ पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को बेहतर इंसान बनाना और उन्हें जीवन में सही दिशा देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने प्रदेश के सभी शिक्षकों के स्वस्थ, सुखी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *