गन्ना भुगतान होने तक उर्जा निगम न काटे कनेक्शन
रुडक़ी।
उकिमो ने तुगलपुर में मासिक बैठक का आयोजन किया। बैठक में किसानों की समस्याओं पर विचार किया गया। किसानों ने चीनी मिलों पर बकाया भुगतान के साथ ही उर्जा निगम द्वारा बिलों की वसूली को लेकर कनेक्शन काटने की समस्या उठाई। पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों से बात करने का भरोसा दिया। तुगलपर के प्राचीन जटाशंकर महादेव मंदिर में आयोजित उत्तराखंड किसान मोर्चा की बैठक की शुरूआत खानपुर ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी नरेंद्र सिंह ने की। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं की जानकारी लेकर उनके निस्तारण के प्रयास करने के उद्देश्य से उकिमो की मासिक बैठक आयोजित की जाती है। इसके बाद स्थानीय किसानों ने अपनी समस्याएं रखी। कहा कि चीनी मिलों पर अभी किसानों का पिछले सत्र का भुगतान बकाया चल रहा है। एक मिल पर तो इससे पुराने साल का भी भुगतान बाकी है। उधर, उर्जा निगम द्वारा बकाया वसूली का अभियान चलाया जा रहा है। गन्ना भुगतान न होने के कारण किसानों के पासस बिल अदायगी का पैसा नहीं है। बाद में लक्सर गन्ना समिति में जलभराव का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। मोर्चा पदाधिकारियों ने जलनिकासी कराने की मांग की। बैठक में सुधीर कुमार, मोनू प्रधान, राव कामिल, सत्यवीर चौधरी, अनिल कुमार, गुफरान अली, सिताब सिंह, पंकज, संदीप चौधरी, दुष्यंत कमार सहित काफी किसान मौजूद रहे।
