राइंका क्वानू में मनाया गया प्रतिभा दिवस
विकासनगर।
राजकीय इंटर कॉलेज क्वानू में शनिवार को प्रतिभा दिवस मनाया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेते हुए अपने भीतर छुपी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शनिवार सुबह विद्यालय में आयोजित प्रतिभा दिवस कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रवक्ता सत्येन्द्र कुमार ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रतिभा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने भीतर छुपी प्रतिभाओं को निखारने पर जोर दिया। कहा कि प्रत्येक छात्र के भीतर कोई न कोई प्रतिभा अवश्य होती है, बस जरूरत है, उसे निखारने और एक मंच प्रदान करने की। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने गीत, संगीत, खेल, वाद विवाद, कविता वाचन, भाषण, निबंध, लेखन आदि प्रतिस्पर्द्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। विजयी रहे छात्रों को स्कूल प्रबंधन की ओर से पुरस्कृत भी किया गया। इस मौके पर पीटीए अध्यक्ष पंचराम नेगी, गजेन्द्र तोमर, संजीव शर्मा, अनिल पंवार, रूपराम नेगी, रमेश कुमार, प्रदीप कोठियाल, प्रमिला जोशी, मृदुला पांडेय आदि मौजूद रहे।
