मददगार पुलिसकर्मी को एसएसपी ने किया सम्मानित
नई टिहरी
ऋषिकेश से दवाइयां लेकर घर लौट रही एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मदद करने वाले पुलिसकर्मी शांति प्रसाद डिमरी को एसएसपी तृप्ति भट्ट ने सम्मानित करने का काम किया है।
बीते रोज जब बुजुर्ग महिला अपने निवास स्थान फकोट ऋषिकेश से दवा लेकर लौट रही थी, उसी दौरान आगराखाल-फकोट के मध्य स्थान भिन्नु में सड़क मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के कारण वह वृद्ध महिला अपने घर नहीं जा पा रही थी और काफी घबराई व असहाय महसूस कर रही थी। तभी वहां पर ड्यूटी पर मौजूद मुख्य आरक्षी शांति प्रकाश डिमरी ने वृद्ध महिला को अपनी पीठ पर बैठाकर अपनी जान की परवाह न करते हुए क्षतिग्रस्त मार्ग एवं उफनते गदेरे के ऊपर पहाड़ी के रास्ते से मार्ग पार करवाया। जबकि शांति प्रकाश डिमरी स्वयं हृदय रोग से पीड़ित हैं, फिर भी डिमरी ने मानवता का परिचय देते हुए बुजुर्ग महिला को तत्परता से सहायता की। इस मानवीय कार्य के फलस्वरूप मुख्य आरक्षी शांति प्रकाश डिमरी का उत्साहवर्धन करते हुए एसएसपी टिहरी गढ़वाल तृप्ति भट्ट ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया है। एसएसपी ने मानवीय दृष्टिकोण को अपनाते हुये आम लोगों की मदद करने वाले पुलिसकर्मियों को निरंतर सम्मानित करते रहने की बात कही
