होटल के कमरे में मृत मिला युवक

पौड़ी।

शहर के एक होटल के कमरे में युवक मृत मिला है। युवक अपनी मंगेतर के साथ होटल में रूका था। युवक की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है, प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पौड़ी कोतवाली क्षेत्र में कोटद्वार रोड स्थित एक होटल में रुद्रप्रयाग जिले के संकरोड़ी गांव का 28 वर्षीय सहदेव सिंह पुत्र किशन सिंह अपनी मंगेतर से मिलने पौड़ी आया था। सीने में दर्द की शिकायत के बाद युवक दवा लेकर होटल के कमरे में आराम करने लगा। युवक ने मंगेतर को खरीदारी के लिए बाजार भेज दिया। मंगेतर जब खरीदारी कर लौटी, तो होटल में कमरा अंदर से बंद मिला। युवती ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन कमरे के अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जिसके बाद मंगेतर ने होटल मालिक को सूचना दी। होटल मालिक ने दूसरी चाबी से कमरा खोला। जहां कमरे में युवक अचेत अवस्था में मिला। मंगेतर व होटल कर्मियों ने युवक को 108 आपातकालीन सेवा के माध्यम से जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल पौड़ी विनोद गुसांई ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कहा कि प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा घटना की जांच शुरु कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *