कोरोना संक्रमण का दौर अभी नहीं हुआ खत्म
नई दिल्ली।
भारत में कोरोना सक्रमण के उतार चढ़ाव का दौर जारी है। दो दिन पहले दैनिक मामलों का आंकड़ा दस हजार से नीचे आने के बाद फिर दस हजार के पार पहुंच गया है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 11,919 नए केस सामने आए। जबकि संक्रमण से 470 लोगों की मौत दर्ज की गई हैं। हालांकि सक्रिय मामलों की संख्या में रिकॉर्ड गिरावट आई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में सामने आए नए मामलों के बाद देश में अब तक कोरोना वायरस के संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3,44,78,517 हो गयी है। जबकि संक्रमण के कारण अब तक 4,64,623 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और मृत्यु दर 1.35 प्रतिशत हो गई है। हालांकि पिछले एक दिन में 11,242 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हुए, जिसके बाद अब तक ठीक होने वालों की संख्या 3,38,85,132 हो गई। इस प्रकार अब स्वस्थ होने वाले लोगों की दर 98.28 प्रतिशत हो गई है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे अधिक है। देश में फिलहाल सक्रिय मामलों की संख्या 1,28,762 है, जो कुल मामलों का 0.37 प्रतिशत है।
दैनिक संक्रमण दर में कमी
मंत्रालय के अनुसार दैनिक संक्रमण दर 0.97 प्रतिशत दर्ज की गयी, जो पिछले 45 दिनों से दो प्रतिशत से कम पर बनी हुई है। साप्ताहिक संक्रमण दर 0.94 प्रतिशत दर्ज की गयी। यह पिछले 55 दिनों से दो प्रतिशत से कम है। जबकि मृत्यु दर 1.35 प्रतिशत है। देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक टीके की 114.46 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।
ऐसे चला कोरोना का चक्र
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।
केरल में नही थमा कहर
देश में पिछले एक दिन में आए कोरोना के नए मामलों में 6849 मामले अकेले केरल में दर्ज किये गये तथा 61 लोगों की मौत हुई। वहीं महाराष्ट्र के ठाणे में कोरोना के 139 नए मामले सामने आए। इसके बाद यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,68,042 हो गई। वहीं संक्रमण से दो मरीजों की मौत होने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 11,564 हो गई। इसी प्रकार मिजोरम में कोरोना के 570 नए मामले सामने आए। यहां कुल 1,30,415 हैं। इनमें से सक्रिय मामलों की संख्या 5,616 है। यहां 1,24,332 लोग महामारी से ठीक हो चुके हैं जबकि 467 लोगों की अब तक कोरोना से मौत हो चुकी है।
