लक्सर सीएचसी में हुआ बच्चों का इलाज शुरू
रुड़की।
लक्सर क्षेत्र में लगभग सौ गांवों के लोग लक्सर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर हैं। सीएचसी में बाल रोग विशेषज्ञ का पद काफी पहले से सृजित हैं, लेकिन इस पद पर लंबे समय से चिकित्सक की तैनाती नहीं थी। विशेषज्ञ के न होने के कारण बच्चों का इलाज भी फिजिशियन को ही करना पड़ रहा था। पर दो दिन पूर्व शासन ने यहां बाल रोग विशेषज्ञ के तौर पर महिला डॉक्टर की तैनाती कर दी है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि लक्सर में बच्चों की ओपीडी की संख्या काफी ज्यादा रहती है। इसे देखते हुए उन्होंने बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग सीएमओ कार्यालय से की थी। मांग पर महिला डॉक्टर को सीएचसी भेजा गया है। महिला डॉक्टर ने कार्यभार ग्रहण कर बच्चों का इलाज शुरू कर दिया है। बताया कि दो दिन से रोज बीस से चालीस बच्चों की ओपीडी हो रही है।
