आईओसी की लाइन से डीजल चुराने के दो आरोपी गिरफ्तार

 

रुड़की।

पुलिस ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की लाइन से तेल चोरी कर बेचने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 150 लीटर डीजल व उसे निकालने के उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार आईओसी उत्तर प्रदेश के प्रबन्धक नवनीत कुमार ने 25 नवंबर को पुलिस प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि वह अपने गार्ड के साथ पाइप लाइन का निरीक्षण कर रहे थे। उन्हें सरठेडी गांव के पास लाइन दबी अवस्था में मिली। जिसे उन्होंने चेक किया तो लाइन खुर्द-बुर्द पाई गई। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम फकरेडा के पास शुभम कुमार निवासी ग्राम फकरेडा थाना गागलहेडी जनपद सहारनपुर और शहजाद निवासी नन्हेडा अन्नतपुर थाना भगवानपुर अवैध रूप डीजल की बिक्री कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने थाने लाकर दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया गया कि उनसे बरामद डीजल चोरी का है। जिसे गांव मे बेचने के लिए जा रहे थे। अन्य साथियों के साथ मिलकर आईओसी की पाइप लाइन से कट लगाकर डीजल चोरी करते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 150 लीटर डीजल तेल और प्रयोग होने वाले कईं उपकरण भी बरामद किए।

थाना अध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि तेल चोरी के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है। साथ ही उनके अन्य फरार साथी की तलाश जारी है। बताया कि आरोपियों ने चुड़ियाला, लंढौरा में भी पाइप लाइन से तेल चोरी किए जाने की जानकारी दी है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पीडी भट्ट, उप निरीक्षक विपिन कुमार, उप निरीक्षक कर्मवीर सिंह, कांस्टेबल कुलवीर, नारायण आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *