नौकरी से हटाए गए श्रमिकों ने लगाई एसडीएम से न्याय की गुहार

विकासनगर। लांघा रोड स्थित एक औद्योगिक इकाई प्रबंधन पर श्रमिकों ने उत्पीड़न और बिना कारण बताए नौकरी से हटाने का आरोप लगाया है। श्रमिकों ने एसडीएम विनोद कुमार को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। श्रमिकों ने बताया कि श्रम कानूनों के अनुरूप सुविधा दिए जाने की मांग करने पर कंपनी प्रबंधन ने उन्हें नौकरी से बाहर कर दिया है। गुरुवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे श्रमिकों ने बताया कि लांघा रोड स्थित एक औद्योगिक इकाई में वे पिछले कई वर्षों से काम कर रहे हैं। गत 27 दिसंबर को कंपनी प्रबंधन ने 13 श्रमिकों को बिना कारण बताए और बिना नोटिस दिए नौकरी से हटा दिया है। बताया कि कुछ समय पूर्व सभी श्रमिकों ने प्रबंधन से वास्तविक वेतन, पीएफ सुविधा और ईएसआई कार्ड बनाने की जानकारी मांगी गई थी, जिसे देने से प्रबंधन ने मना कर दिया। श्रमिकों के दबाव बनाने पर उन्हें नौकरी से हटा दिया गया है। इसके साथ ही कार्य के दौरान भी उनके साथ भेदभाव किया जाता रहा है। ठेकेदारी प्रथा पर काम कर रहे श्रमिकों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार किया जाता है। उन्हें अपने वाहन कंपनी परिसर में पार्क करने की अनुमति नहीं दी जाती है। नियमित श्रमिकों से आठ घंटे काम लिया जाता है, जबकि ठेकेदारी प्रथा पर काम करने वाले श्रमिकों से करीब बारह घंटे काम लिया जाता है। ठेकेदारी प्रथा पर करने वाले श्रमिकों को मेडिकल सुविधा भी मुहैया नहीं कराई जाती है। कहा कि इन सभी सुविधाओं की मांग करने पर प्रबंधन ने तेरह श्रमिकों को बिना कारण बताए नौकरी से हटा दिया है। पीड़ित श्रमिकों ने एसडीएम से न्याय की गुहार लगाते हुए उचित विधिक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में जसपाल सिंह, नेत्र सिंह, सुमन चौहान, सुनील कुमार, मनोज, मनमीत, मनीष, विरेंद्र राणा, सुमित, शुभम, राहुल तोमर, नितिन आर्य, अंकित आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *