बैंक में बंधक रखी गई भूमि बेची

हरिद्वार। बैंक में बंधक भूमि का बैनामा कर 10 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष के रुपए वापस मांगने पर उसके साथ मारपीट कर दी गई। कोर्ट के आदेश पर ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोर्ट को दिए प्रार्थना पत्र में इकरार निवासी ग्राम बहादुरपुरजट पथरी ने बताया कि सितंबर 2019 में उसने अपने गांव के रहने वाले शहजाद और इखलाक से 20 लाख में जमीन का सौदा तय किया था। तब उसे बताया गया था कि जमीन उन्होंने गांव के ही अजीत से खरीदी थी। आरोप है कि उसने 10 लाख रुपए अदा कर बैनामा करा लिया लेकिन दाखिल खारिज के लिए आवेदन करने पर पता चला कि उक्त जमीन शहजाद के नाम पर नहीं है, बल्कि अजीत के नाम है। अजीत के परिवार ने भी जमीन पर लोन लिया हुआ है।
आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और बीते छह सितंबर को ज्वालापुर सब्जी मंडी के पास सरेराह उसकी पिटाई कर दी गई। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी महेश जोशी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर शहजाद, इखलाक व अजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *