शिक्षक घर-घर जाकर छात्रों को बांट रहे वर्कबुक
विकासनगर। कोविड संक्रमण के चलते इन दिनों शिक्षण संस्थान बंद हैं। ऐसे में प्राथमिक और जूनियर स्तर के छात्र-छात्राओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से ऑनलाइन शिक्षण के साथ ही अतिरिक्त साधन भी अपनाए जा रहे हैं। जिन छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाओं से जुड़ने के लिए उपकरण मौजूद नहीं हैं, उन्हें घर-घर जाकर वर्कबुक मुहैया कराई जा रही है।
शनिवार को राजकीय जूनियर हाईस्कूल सभावाला के शिक्षकों ने सेवित बस्ती में जाकर वर्कबुक छात्र-छात्राओं को बांटी। इसके साथ ही शिक्षण संस्थान बंद रहने के दौरान छात्रों की प्रगति की जानकारी ली। प्रधानाध्यापक प्रताप सिंह ने बताया कि विद्यालय में चार सौ छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन एंड्रॉयड फोन की सुविधा मात्र पचास प्रतिशत छात्र-छात्राओं के पास ही है। ऐसे में शिक्षक खुद वर्क बुक तैयार कर छात्र-छात्राओं को बांट रहे हैं। घरों में जाकर शिक्षक छात्र-छात्राओं को कक्षा कक्षों की तर्ज पर शिक्षा भी दे रहे हैं। इसके साथ ही अभिभावकों को कोविड नियमों की जानकारी दी जा रही है। उधर, उप शिक्षाधिकारी हिमांशु कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्येक दिन संकुलवार ऑनलाइन शिक्षण का निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही शिक्षकों को सभी छात्र-छात्राओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखने के निर्देश दिए गए हैं।
