छावनी क्षेत्र के प्रत्येक घर में लगा क्यूआर कोड

नैनीताल

नगर की छावनी परिषद ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत अभिनव पहल करते हुए परिक्षेत्र के प्रत्येक आवास पर क्यूआर कोड स्थापित कर दिया है। इसके साथ ही उक्त कोड को छावनी परिषद कार्यालय में लगे डेस्कटॉप से लिंक कर दिया गया है। अब स्वयं सीईओ समेत विभागीय अधिकारी नगर के प्रत्येक घर से उठने वाले कूड़े की मॉनीटरिंग कर सकेंगे। छावनी परिक्षेत्र के सीईओ कोली आकाश संतोष ने बताया कि छावनी क्षेत्र की सफाई और इसकी मॉनीटरिंग के लिए परिषद ने पहल की है। पहले चरण में यहां स्थित 350 आवासीय भवनों का निरीक्षण किया गया। इसमें से 241 ऐसे भवनों में परिवार रह रहे हैं। विभाग की ओर से हिलधारी संस्था के माध्यम से उक्त सभी 241 आवासों के बाहर स्टील के बने क्यूआर कोड स्थापित कर दिए हैं। जिसे परिषद के कार्यालय में स्थापित डेस्कटॉप व लैपटॉप से संबद्ध कर दिया गया है। शुक्रवार को इसकी विधिवत शुरुआत की जाएगी। प्रत्येक दिन परिक्षेत्र से उठने वाले कूड़े का आंकलन किया जाएगा। साथ ही उठान से निस्तारण तक की गतिविधयिों पर नजर रखी जाएगी। विभाग में 33 सफाई कर्मचारी हैं, जिनमें से पहले चरण में 8 कर्मचारियों को मोबाइल दिया जाएगा। उन्हें इंटरनेट सुविधा भी दी जाएगी।
कंपोस्टिंग फैमिली की पहल शुरू: छावनी परिक्षेत्र में मंगलवार को जागृति संस्था की लतिका की ओर से परिक्षेत्र के भवन स्वामियों को गीले कूड़े को प्रथक करने, कंपोस्टिंग करने आदि की बारीकियां बताई गईं। कहा कि किस प्रकार वह घर पर ही खाली भूखंड में इसकी शुरुआत कर सकते हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में करीब 36 लोगों ने प्रतिभाग किया। संस्था की ओर से इसकी पहल करने वालों को कंपोस्टिंग फैमिली ग्रुप में जोड़ा जा रहा है। उन्हें घर के मुखिया की फोटो लगे हैंडमेड कंपोस्टिगं फैमिली फोटोफ्रेम दिए जा रहे हैं। मंगलवार को छावनी परिषद के कंपोस्टिंग फैमिली के सदस्यों को फोटोफ्रेम दिए गए। सीईओ कोली आकाश की ओर से लतिका को प्रमाणपत्र दिया गया। उन्हें छावनी में इस कार्य को आगे बढ़ाने के लिए अधिकृत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *