झबरेड़ा में दस घंटे बिजली गुल रहने से लोग रहे परेशान
रुड़की। झबरेड़ा कस्बे में करीब दस घंटे बिजली गुल होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कस्बावासियों ने अधिकारियों से बिजली आपूर्ति में सुधार करने की मांग की है। झबरेड़ा समेत कस्बे के भक्तोवाली, सावतवाली, खड़खड़ी दयाला, लोदीवाला, खजूरी, कुशालीपुर, शीतलपुर, कोटवाल आलमपुर, सढोली, शेरपुर, लाठरदेवा, भरतपुर और बूढ़पुर आदि गांवों में लगभग दस घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। कस्बे के कंवरपाल, शमशाद, जयवीर, इंद्रेश, ऋषभ शर्मा, प्रदीप, डॉ. अशोक, घनश्याम, सुशील गौतम और प्रदीप कुमार आदि का कहना है कि कस्बे में घंटों बिजली कटौती होने से व्यापार में नुकसान झेलना पड़ा रहा है। कस्बावासी भी समय पर अपने काम नहीं निपटा पाते है। बिजली आपूर्ति ठप होने से पानी का संकट भी झेलना पड़ता है। गर्मी सीजन शुरू हो गया है यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति की व्यवस्था नहीं सुधरी तो बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। अधिशासी अभियंता आशुतोष तिवारी का कहना है कि विद्युत आपूर्ति में कटौती देहरादून से ही की जा रही है। इसीलिए कस्बावासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
