फिर जोर पकड़ने लगा रेलवे अंडरपास का मुद्दा

रुड़की। सब्जी मंडी के पास ट्रेन की चपेट में आकर हुई महिला रेलकर्मी की मौत के बाद कस्बे में अंडरपास का मुद्दा फिर जोर पकड़ने लगा है। मंगलवार को लक्सर के लोगों ने एसडीएम से मिलकर अंडरपास निर्माण तुरंत शुरू कराने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने फिर से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी है।
मंगलवार का नगर के व्यापारी व स्थानीय लोगों ने लक्सर के एसडीएम वैभव गुप्ता से मुलाकात की। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर बताया कि पूर्व में नगर के हरिद्वार रोड पर रेलवे क्रॉसिंग था। डेढ़ दशक पूर्व फ्लाईओवर बनने के बाद रेलवे ने क्रॉसिंग स्थायी रूप से बंद कर दिया था। तभी से स्थानीय लोग अंडरपास का निर्माण कराने की मांग कर रहे हैं। बताया कि पिछले दिनों सब्जी मंडी के पास रेलवे लाइन पार कर रहे भाई बहन की ट्रेन से टकराकर मौत हो गई थी। इसके बाद व्यापारी आंदोलन पर बैठ गए थे। बाद में डीएम हरिद्वार व डीआरएम मुरादाबाद ने मौके पर पहुंचकर अंडरपास निर्माण का भरोसा देकर आंदोलन समाप्त करा दिया था। पर निर्माण शुरू नहीं हुआ है। दो दिन पहले उसी जगह लाइन पार कर रही महिला रेल कर्मचारी की भी ट्रेन से टकराकर मौत हो गई है। व्यापारियों ने मांग की कि नगर में सब्जी मंडी के पास चिन्हित जगह पर अंडरपास का निर्माण तत्काल शुरू कराया जाए। ताकि लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार न करना पड़े। ऐसा न होने पर उन्होंने दोबारा आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी। एसडीएम ने रेल अधिकारियों से बात कर कार्रवाई का भरोसा दिया है। ज्ञापन देने वालों में मनोज वर्मा, प्रधान पंकज भाटी, नेतराम सोनियाल, आशीष अग्रवाल, निखिल, दीपक वर्मा, कमल, रियासत, बिजेंद्र सिंह, सुशील कुमार, पदम सिंह, ऋषिपाल सहित काफी लोग थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *