भोजनमाताओं ने अतिरिक्त कार्य का विरोध किया

नई टिहरी। भोजनमाताओं ने मध्यान भोजन योजना के साथ विद्यालय स्टॉफ द्वारा अतिरिक्त कार्य करवाए जाने पर विरोध किया है। इस संबंध में संगठन पदाधिकारियों ने डीईओ बेसिक और परियोजना अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। उत्तराखंड भोजनमाता कामगार यूनियन टिहरी शाखा की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी पंवार ने कहा कि विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत भोजनमाताओं से मध्यान भोजन योजना के अतिरिक्त विद्यालय के कमरों, शौचालयों साफ सफाई, विद्यालय में कार्यरत स्टॉफ का भोजन तैयार करवाना, छात्रों की थाली धुलवाना जैसे कार्य करवाया जाता है। बताया विद्यालय स्टॉफ द्वारा आदेश का पालन न करने पर उन्हें नौकारी छोड़ने तक के लिए कहा जाता है। कहा उन्हें मात्र सौ रुपये प्रतिदिन पर कार्य करना पड़ता है, बावजूद विद्यालय का स्टॉफ भोजनमाताओं के साथ उचित व्यवहार नहीं करता है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से उनकी समस्या का संज्ञान लेते हुये उचित कार्यवाही की मांग की। ज्ञापन देने वालों में संगठन जिला सचिव मंजू नेगी, कोषाध्यक्ष मंजू नौटियाल आदि मौजूद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *