जम्मू-कश्मीर वुशु चैंपियनशिप में श्रीनगर ने जीता शीर्ष खिताब
जम्मू ,
श्रीनगर ने 16वीं जम्मू-कश्मीर वुशु चैंपियनशिप में शीर्ष स्थान हासिल किया। यहां इंडोर कॉम्प्लेक्स हॉल में आयोजित चैंपियनशिप में जम्मू और जिला सांबा ने क्रमश दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। टूर्नामेंट में जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों से कुल 850 खिलाडिय़ों और 200 अधिकारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जम्मू संभागीय आयुक्त राघव लैंगर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे और विजेताओं तथा उपविजेताओं को सम्मानित किया। जम्मू-कश्मीर खेल परिषद के सचिव नुजहत गुल और जम्मू-कश्मीर वुशु एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रंजीत कालरा भी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि वुशु प्रमुख पदक विजेता खेल विधाओं में से एक है। उन्होंने इस बड़े आयोजन को उचित तरीके से आयोजित करने के लिए आयोजकों की प्रशंसा की।
इससे पहले गुल ने अपने संबोधन में खेल परिषद और जम्मू-कश्मीर के वुशु एसोसिएशन की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। वहीं कालरा ने खेल पहलों को निरंतर समर्थन देने, जम्मू प्रांत में नई खेल परियोजनाओं की निरंतर निगरानी और समीक्षा के लिए संभागीय आयुक्त का आभार जताया और फिर अंत में द्रोणाचार्य अवार्डी और भारत के मुख्य वुशु कोच कुलदीप हांडू ने सभी का कार्यक्रम में शामिल होने पर आभार जताया।
