देहात में सजग रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं चौकीदार

 

रुड़की। लक्सर कोतवाल ने चौकीदारों की बैठक लेकर गांव की हर छोटी से छोटी सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए। पंचायत चुनाव को देखते हुए उन्होंने राजनीतिक लोगों की सूची बनाने की भी हिदायत दी। उन्होंने उत्कृष्ट काम करने वाले चौकीदार को गणतंत्र दिवस पर पुलिस द्वारा सम्मानित करने का वादा भी किया।

रविवार को कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने चौकीदारों के साथ बैठक की। कोतवाल ने कहा कि चौकीदार अगर सजगता से काम करें तो वे गांव में रंजिशन होने वाले अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कहा कि गांव में यदि दो पक्षों के बीच जमीनी या दूसरी किसी भी तरह की रंजिश है तो इसकी सूचना तुरंत अपनी बीट के सिपाही या हल्के के प्रभारी दारोगा को उपलब्ध कराएं, ताकि पुलिस घटना घटित होने से पहले ही उन्हें पाबंद मुचलका या दूसरी कानूनी कार्रवाई कर सके। कहा कि गांव में किसी भी तरह की छोटी या बड़ी घटना हो तो इसे पुलिस की जानकारी में लाना बहुत जरुरी है। कोतवाल ने हरिद्वार जिले में प्रस्तावित पंचायत चुनावों को लेकर भी चौकीदारों के साथ चर्चा की। उन्होंने चौकीदारों को अपने गांव के राजनीतिक लोगों की सूची बनाकर पुलिस को उपलब्ध कराने की हिदायत दी। कहा कि कुछ उम्मीदवार चुनाव के दौरान बांटने के लिए आचार संहिता लगने के पहले ही बड़ी मात्रा में शराब मंगाकर रख लेते हैं। उन्होंने चौकीदारों से इस पर नजर रखने व पकड़वाने में पुलिस की मदद करने की अपील की।

कोतवाल ने वादा किया कि जिस चौकीदार का काम सबसे उत्कृष्ट होगा, उसे पुलिस द्वारा 15 अगस्त पर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में मोहन, सुक्का, पिरथी, कादिर, सुक्कड़, रामू, मोहसिन, जब्बार, नरेंद्र, जयपाल, अहसान, मगन सिंह, कल्लू और राजकुमार सहित काफी चौकीदार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *