दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक की मौत, पांच घायल
विकासनगर। विकासनगर व त्यूणी क्षेत्र में दो अलग अलग दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गयी। जबकि पांच लोग घायल हो गये। मृतक के शव का पंचनामा पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। जबकि घायलों का उपचार पीएचसी त्यूणी में किया जा रहा है। पहली दुर्घटना में देहरादून हरबर्टपुर हाईवे पर शुक्रवार की देर रात को ढाकी के पास ट्रक ने एक स्कूटर सवार को टक्कर मार दी।
जिससे स्कूटर सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूटर सवार को पुलिस ने सीएचसी सहसपुर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राहुल 19 पुत्र सत्यप्रकाश निवासी शाहजहांपुर यूपी हाल निवासी सेलाकुई के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।
शनिवार सुबह त्यूणी क्षेत्र में दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर हो गयी, जिसमें पांच युवक घायल हो गये। शनिवार सुबह को पवन पुत्र दुर्गा निवासी पुरोला रोड मोरी उत्तरकाशी व समीर पुत्र संदीप निवासी हनोल त्यूणी बाइक पर सवार होकर मझोग की तरफ आ रहे थे।
जबकि सामने हिमाचल की ओर से तीन युवक किशन सिंह पुत्र सालिगराम, शीशपाल चौहान पुत्र भागमल चौहान और मुकेश चौहान पुत्र कंवर सिंह निवासी शिमला हिमाचल प्रदेश एक बाइक पर सवार होकर त्यूणी की ओर आ रहे थे। एसओ त्यूणी कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि पांचों घायलों को मामूली चोटें आयी हैं, जिनका पीएचसी त्यूणी में उपचार किया जा रहा है।
