शहर की सड़कों को नहीं मिल रही जाम के झाम से निजात
हरिद्वार । धर्मनगरी की सड़कों पर जाम का झाम खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। हाईवे से लेकर शहर की अंदरुनी सड़कों पर वाहनों के दबाव खत्म नहीं होने के कारण वीकेंड और स्नान पर्व के बिना भी शु्क्रवार को जाम की स्थिति बनी रही। धर्मनगरी में वीकेंड और स्नान पर्व पर जाम लगना तो आम बात हो चुकी है। लेकिन अब इसके अतिरिक्त अन्य दिनों में भी हाईवे से लेकर अंदरुनी सड़कों पर जाम लगा देखा जा सकता है।
शुक्रवार को भी ऐसा ही कुछ मंजर हाईवे से लेकर अंदरुनी सड़कों पर देखने को मिला। शुक्रवार को हाईवे पर वीआईपी घाट के बाहर वाहनों का लम्बी कतार लगी देखी गई। जबकि शंकराचार्य चौक की ओर से आने वाले चोपहिया वाहनों को रोड़ी बेलवाला चौकी के निकट अपने वाहन की गति को रोकने मजबूर होना पड़ा। यह जाम वाल्मीकि चौक, रेलवे स्टेशन के बाहर और बस अड्डे के बाहर भी देखा गया। शहर में लगने वाले इस जाम को लेकर शहर के होटल, रेस्टोरेंट , ट्रेवल और अन्य कारोबार से जुड़े आशुतोष, सुभाष चंद, रवि जैसल, राजेंद्र भट्ट, सुमित, नीरज, अमित का कहना है कि इसके लिए शासन प्रशासन को केवल बैठक कर कार्ययोजना बनाकर अपने कर्तव्य की इतिश्री नहीं करनी है। इसके लिए बैठकों में बनाई कार्ययोजना पर अमल भी करना होगा।
