नलाड़ी तोक में पानी को तरसे लोग – एसएसबी ने टैंकरों के माध्यम से लोगों को पानी वितरित किया

चम्पावत

लोहाघाट के दूरस्थ क्षेत्र डुंगरालेटी के नलाड़ी तोक में पानी की एक-एक बूंद के लिए लोग तरस गए हैं। ग्रामीणों की दिक्कतों को देखते हुए चम्पावत की एसएसबी की पंचम वाहिनी ने टैंकरों के माध्यम से लोगों को पानी वितरित किया। क्षेत्र के दिवान चंद, भीम चंद, धरम सिंह, धर्मानदं कलौनी, हेमंत कलौनी, धारू देवी, रेनू, नंदा देवी आदि ने बताया कि इस साल बारिश न होने के कारण उनके पेयजल स्रोत सूख चुके हैं। यहां तक की नौलों में भी जलस्तर पूरी तरह से कम हो गया। ऐसे में उनको कई किमी दूर जाकर पानी की आपूर्ति करनी पड़ रही है। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए एसएसबी की पंचम वाहिनी के सहायक उप निरीक्षक शशिपाल सिंह और राजेंद्र कुरी ने वाहिनी के टैंकर से ग्रामीणों को पेयजल वितरण किया। ग्रामीणों ने पेयजल उपलब्ध कराने के लिए एसएसबी का आभार जताया। जल संस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट ने बताया कि स्रोतों के सूखने के कारण पानी की समस्या पैदा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *