महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस ने जलाया भाजपा का पुतला
रुड़की। कांग्रेस कार्यकताओं ने मंगलवार को सुल्तानपुर में अली चौक पर एकत्रित होकर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि भाजपा की गलत नीतियों की वजह से देश में महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। बाद में उन्होंने भाजपा का पुतला जलाकर रोष प्रकट किया। मंगलवार दोपहर को कांग्रेस के हरिद्वार ग्रामीण जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह और सुल्तानपुर के नगर अध्यक्ष सनव्वर राजा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता कस्बे के अली चौक पर एकत्रित हुए और फिर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जबसे केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है, तभी से देश भर में महंगाई चरम सीमा पर है। आम आदमी अपनी और अपने परिवार के लिए दो टाइम की रोटी का भी इंतजाम नहीं कर पा रहा है। भ्रष्टाचार के कारण लोगों के सही काम भी नहीं हो रहे हैं। नगर अध्यक्ष ने देश में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर भाजपा की देन बताया। आरोप लगाया कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां की स्थिति इससे कई गुना ज्यादा खराब है। बाद में उन्होंने चौक पर भाजपा का पुतला जलाकर अपना रोष व्यक्त किया। प्रदर्शन में राजेश रस्तोगी, शादाब अली, मगन सैनी, मसव्वर अली, इस्माइल, सलीम, वाजिद, जुल्फिकार, संदीप कश्यप, मुकेश सैनी और डॉ. ओमवीर सैनी भी मौजूद रहे।
