डीएम ने की चिकित्साधिकारियों संग बैठक
मरीजों के रेफर मामले में डाक्टर से कारण स्पष्ट कर प्रस्तुत करें रिपोर्ट: डीएम
अल्मोड़ा। डीएम वंदना ने चिकित्साधिकारियों की बैठक ली। इसमें स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न मामलों की समीक्षा की। जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला महिला अस्पताल और बेस अस्पताल की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और ओपीडी रजिस्टर, रेफर किए गए मामले समेत अन्य दस्तावेजों का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस कारण के मरीजों को रेफर न किया जाए। उपलब्ध संसाधनों से ही बेहतर चिकित्सीय सेवाएं मुहैया कराने के प्रयास करें। उन्होंने सीएमओ को निर्देशित करते हुए कहा कि रेफर किए गए मामलों की समीक्षा कर रेफर किए गए प्रकरण में संबंधित डॉक्टर से कारण स्पष्ट कराते हुए रिपोर्ट डीएम को भी प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि यदि 108 एंबुलेंस किसी कारणवश समय पर उपलब्ध न हो तो अस्पताल की एंबुलेंस का उपयोग करने में कोताही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि लोगों से शालीनता के साथ व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त डॉक्टरों की समय-समय पर काउंसलिंग भी की जाए। यहां सीएमओ डॉ. आरसी पंत समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
