जौनसार के पीयूष और निखिल का अनुभाग अधिकारी पद पर चयन
विकासनगर। चकराता क्षेत्र के मगरौली और क्वारना गांवों के दो युवाओं का चयन केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में सहायक अनुभाग अधिकारी के पद पर होने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर की है। बीते सोमवार को घोषित परीक्षा परिणाम में मगरौली निवासी पीयूष राणा का चयन विदेश मंत्रालय में और क्वारना निवासी निखिल चौहान आर्म्ड फोर्स हेडक्वार्टर में अनुभाग अधिकारी के पद पर हुआ है। मगरौली के पीयूष की प्रारंभिक शिक्षा चकराता से हुई है। उन्होंने वर्ष 2014 में हाई स्कूल की परीक्षा 89 प्रतिशत अंकों के साथ जौनसार पब्लिक स्कूल चकराता से उत्तीर्ण की। इंटरमीडिएट 2016 में केंद्रीय तिब्बती विद्यालय हरबर्टपुर से 91 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। डीबीएस (पीजी) कॉलेज से बीएससी की परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण की। वर्ष 2020 में प्रतिस्पर्धा परीक्षा में 24 साल की उम्र में अपने पहले ही प्रयास में विदेश मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी के रूप मे चयनित हुए हैं। उनके पिता सूरत सिंह राणा बीएसएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर है, जबकि माता सीमा राणा गृहणी हैं। क्वारना के निखिल चौहान ने अपनी प्राथमिक शिक्षा व हाईस्कूल देहरादून के दून ब्लॉसम स्कूल से व बीकॉम किरोड़ी मल्ल कॉलेज दिल्ली से किया। स्वाध्याय और ऑनलाइन माध्यम से स्टडी कर प्रतियोगिता की तैयारी की। अपने पहले ही प्रयास में सफल हुए। निखिल के पिता बलबीर सिंह चौहान ऑप्टो इलेक्ट्रॉनिक फैक्ट्री में कनिष्ठ कार्य प्रबंधक के पद पर तैनात हैं और माता बाला चौहान गृहणी हैं। दोनों युवाओं के चयन पर ग्राम प्रधान होड़ा मगरौली सीमा चौहान, प्रधान क्वारना विजय सिंह चौहान, पूर्व सदस्य कैंट बोर्ड नैन सिंह राणा, आनंद राणा, शूरवीर चौहान, चमन सिंह चौहान, राजेंद्र सिंह, प्रदीप जोशी, प्रवीन रावत, टीकम सिंह राणा, सरदार सिंह आदि ने खुशी व्यक्त की है।
