नशा उन्मूलन जागरूकता अभियान चलाया
विकासनगर। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय महाविद्यालय डाकपत्थर राष्ट्रीय सेवा योजना के एक दिवसीय शिविर में नशा उन्मूलन जागरूकता अभियान चलाया गया। मनोचिकित्सक ने नशे से शरीर और दिमाग पर होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। मनोचिकित्सक डॉ. अनुराधा ने बताया कि नशा शरीर के साथ दिमाग पर भी बुरा प्रभाव डालता है। शुरुआत में नशे का सेवन करने से क्षणिक आनंद की अनुभूति होती है, लेकिन दीर्घकाल में दिमागी तौर पर असर पड़ता है। कई बार दिमाग में हिंसक विचार आने शुरू हो जाते हैं, जबकि कई नशे का आदी व्यक्ति खुद को नुकसान पहुंचाता है। एनएसएस के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. राकेश मोहन नौटियाल ने कहा कि भारत में तंबाकू का उपयोग कई तौर पर किया जाता है। इसके साथ ही बीड़ी, सिगरेट, सिगार के तौर पर नशा लेना आम हो गया है जो सबसे बड़ी चिंता का कारण है। उन्होंने स्वयंसेवकों को खुद नशे की लत से दूर रहते हुए अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने को कहा। दूसरी ओर, आशा राम वैदिक इंटर कॉलेज के विशेष शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवकों ने स्वच्छता रैली निकाली। रैली मुख्य बाजार से होते हुए भीमावाला तक निकली। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज सभावाला के शिविर के दौरान स्वयं सेवकों ने बालिका शिक्षा के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया। इसके साथ ही नशा मुक्ति रैली भी निकाली गई।
