तीर्थनगरी ऋषिकेश में बिछी रही घने कोहरे की चादर
ऋषिकेश । तीर्थनगरी ऋषिकेश में गुरुवार को घने कोहरे की चादर तनी रहने और शीतलहर के प्रकोप से कड़ाके की ठंड रही। कोहरे और शीतलहर से जनजीवन खासा प्रभावित रहा। हाईवे पर दोपहर में भी विजिबिलिटी बेहद कम होने से वाहनों की हेडलाइट जलानी पड़ी। ठिठुरन से बचने के लिए लोग कई स्थानों पर अलाव के आगे जमे नजर आए। मौसम की मार के चलते त्रिवेणीघाट, आस्था पथ आदि स्थानों पर रौनक कम रही।
तीर्थनगरी ऋषिकेश में गुरुवार को मौसम ने करवट बदली। आधी रात से ही पूरे क्षेत्र में कोहरे की चादर बिछी होने से कड़ाके की ठंड का अहसास हुआ। सुबह से दोपहर 1 बजे तक कोहरा रहने के कारण सूर्य के दर्शन नहीं हुए। इससे लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए। शीतलहर के भी चलने से हाड कंपाने वाली ठंड से सामान्य जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त रहा। लोग देरी से बिस्तर से उठे। बाजार भी देरी से खुले। कामकाजी लोग बामुश्किल गर्म कपड़े पहनकर घरों से बाहर निकले। ठंड के चलते आस्थापथ, त्रिवेणीघाट, लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम, मुनिकीरेती की चहल-पहल भी प्रभावित रही।
