उच्च शिक्षा मंत्री से लगाई छात्रवृत्ति दिलाए जाने की गुहार
विकासनगर। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर के बीएड विभाग के छात्र-छात्राओं ने विकासनगर दौरे पर आए प्रदेश उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मिलकर छात्रवृत्ति दिलाए जाने की मांग की। छात्रों ने इस आशय का ज्ञापन भी मंत्री को सौंपा। बताया कि महाविद्यालय में महाविद्यालय में स्ववित्त पोषित व्यवस्था के तहत संचालित हो रहे बीएड पाठ्यक्रम के एससी, एसटी, ओबीसी वर्ग के छात्र-छात्राओं को समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजना से वंचित कर दिया गया है। इसका कारण श्रीदेव सुमन विश्व विद्यालय से पाठ्यक्रम की संबद्धता समाप्त होना बताया जा रहा है। बताया कि छात्रों ने कर्ज लेकर पाठ्यक्रम का शुल्क अदा किया है, जिसकी भरपाई छात्रवृत्ति से ही होती है। लेकिन इस बार समाज कल्याण विभाग ने महाविद्यालय के छात्रों के छात्रवृत्ति आवेदन निरस्त कर दिए हैं। श्रीदेव सुमन विश्व विद्यालय की ओर से भी संबद्धता संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। छात्रों ने संबद्धता संबंधी दस्तावेज महाविद्यालय को मुहैया कराने और छात्रवृत्ति आवेदन स्वीकृत कराने की मांग उच्च शिक्षा मंत्री से की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में कमलेश भट्ट, खजान सिंह, रिंकू, राहुल तोमर, विपिन, गणेश थापा, नरेंद्र, आर्यन, शिवानी आदि शामिल रहे।
