कांडा गांव में दो दिन से बिजली आपूर्ति ठप
चम्पावत। तल्लापाल बिलौना क्षेत्र के कांडा गांव में बीते दो दिन से बिजली आपूर्ति भंग चल रही है। बिजली का तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित है। इस वजह से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। डोलाकांडा ग्राम पंचायत के कांडा गांव में बीते दो दिन से बिजली नहीं है। इस वजह से यहां के 25 परिवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण शुभम सिंह, हरीश सिंह और प्रेम सिंह ने बताया कि दो दिन पूर्व कांडा गांव में बिजली का तार टूट गया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी ऊर्जा निगम को दी। लेकिन अब तक टूटी लाइन ठीक नहीं की जा सकी है। उन्होंने बताया कि बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई में असर पड़ रहा है। कांडा गांव में लगा मोबाइल टावर भी काम नहीं कर रहा है। इसके अलावा ग्रामीणों की रात अंधेरे में कट रही है। ग्रामीण सागर सिंह, रवींद्र सिंह, अमित सिंह, कुशल सिंह, केदार सिंह, शंकर सिंह, गीता देवी, भुवन भट्ट, शांति देवी, मधी देवी आदि ने शीघ्र बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। इधर यूपीसीएल के एसडीओ विकास भारती ने बताया कि आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
