गंगा में नहाते हुए दिल्ली का पर्यटक बहा
ऋषिकेश। सच्चाधाम घाट के पास गंगा स्नान के दौरान दिल्ली निवासी पर्यटक बह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ ने उसकी तलाश में गंगा में सर्चिंग ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक पर्यटक का कोई सुराग नहीं लग सका। शनिवार को एसडीआरएफ की टीम फिर से गंगा में उसकी तलाश करेगी। पुलिस ने इस बाबत पर्यटक के परिजनों को सूचित कर दिया है। मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक दिल्ली स्थित टिकरी बॉर्डर निवासी देव नारायण पुत्र शत्रुघ्न राय छह दोस्तों के साथ घूमने पहुंचा था। शुक्रवार सुबह सभी सच्चाधाम घाट के पास गंगा में नहाने उतरे। इसी बीच अचानक गंगा के तेज प्रवाह की चपेट में आकर देव नारायण बह गया। तत्काल साथियों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ के साथ गंगा में तलाशी अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि देव नारायण दिल्ली में कबाड़ी की दुकान चलाता है। गंगा में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं लग पाया है।
