गुनियाल गांव सैन्य धाम में बनेगी अमर जवान ज्योति
देहरादून। प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को गुनियालगांव में बन रहे सैन्य धाम का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से सैन्य धाम के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली व अधिकारियों को तय समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। सैनिक कल्याण मंत्री ने बताया कि आगामी तीन जुलाई को सैन्य धाम में अमर जवान ज्योति के निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। इस अवसर पर होने वाले कार्यक्रम में राज्यपाल गुरमीत सिंह, सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत शहीरों की वीरांगनाएं व परिजन विशेष तौर पर मौजूद रहेगी। प्रदेश के 1734 शहीदों के आंगन से एकत्रित की गई पवित्र मिट्टी का उस अमर जवान ज्योति में उपयोग किया जाएगा। गणेश जोशी ने सैन्य धाम में भूमि से संबंधित विसंगतियां शीघ्र दूर करने को भी कहा। उन्होंने बताया कि पूरे देश के विभिन्न स्मारकों का अध्ययन करने के बाद सैन्य धाम का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के स्वरूप हो रहा है। भारतीय सेना में जिन दो सैनिकों की पूजा होती है, उनमें बाबा हरभजन सिंह और बाबा जसवंत सिंह के मंदिर सैन्य धाम में बनाए जा रहे हैं। सैन्य धाम का मुख्य गेट देश के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत के नाम से बनाया जा रहा है। सैन्य धाम लोग उसी तरह आएंगे, जैसे चार धामों में आते हैं। सैन्य धाम देश भर के युवाओं को प्रेरित करेगा। इस अवसर पर सैनिक कल्याण निदेशक ब्रिगेडियर अमृतलाल, एसडीएम नरेश चंद्र दुर्गापाल, पार्षद सुंदर सिंह कोठाल, लक्ष्मण सिंह रावत व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
