डीएम ने किया मालन नदी पर क्षतिग्रस्त पुल का किया निरीक्षण
कोटद्वार। जिलाधिकारी गढ़वाल डा.आशीष चौहान ने कोटद्वार के मालन नदी पर क्षतिग्रस्त हुए पुल का शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पुल निर्माण का प्लान बनाने और त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सिंचाई विभाग को मालन नदी के साथ ही अन्य नदियों के पुलों की सुरक्षा के दृष्टिगत नदियों के पानी को नदी के मध्य भाग से डायवर्ट करने के निर्देश दिए जिससे किनारों पर किसी भी तरह का भू कटाव न हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि पुल के क्षतिग्रस्त होने से आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कण्व आश्रम वाले रूट पर वन विभाग को वन्यजीवों से सुरक्षा के दृष्टिगत पेड़ों और झाड़ियों की लॉपिंग करने तथा लगातार गश्त करने व नगर निगम और उरेडा को आवश्यकतानुसार रूट पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाने के निर्देश दिए। लोगों को क्षेत्र में कोई असुविधा ना हो इसके लिए उप जिलाधिकारी को राहत कैंप स्थापित करने और स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकों की टीम के साथ एंबुलेंस की तैनाती के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने मृतक प्रसन्न डबराल के परिजनों से मुलाकात करते हुए उनको शासन प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
