डाकपत्थर पीजी कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया शुरु नहीं होने से छात्रों में आक्रोश
विकासनगर। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर स्नातक और स्नातकोत्तर द्वितीय, तृतीय वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया शुरु नहीं होने से छात्रों में आक्रोश है। शुक्रवार को छात्रों ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंप कर जल्द प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। छात्रों ने ज्ञापन सौंपते हुए प्राचार्य को बताया कि विश्व विद्यालय की ओर से परीक्षा परिणाम जारी किया जा चुका है। बावजूद इसके प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है, जबकि एक माह बाद ही सेमेस्टर की अंत: परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। कक्षाओं का संचालन नहीं होने से छात्रों को परीक्षा की तैयारी नहीं कर पाएंगे। बताया कि कॉलेज प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। नई कक्षा में प्रवेश लेने के लिए छात्र हर दिन कॉलेज पहुंचते हैं, लेकिन प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं होने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। छात्रों के भविष्य को देखते हुए प्राचार्य से जल्द प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में छात्र संघ अध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, मंजीत डिमरी, अरुण चौहान, तुषार कपूर, अनुष्का त्यागी आदि शामिल रहे।
