राहुल प्रियंका गांधी सेना की वर्चुअल बैठक आयोजित
विकासनगर
प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर राहुल प्रियंका गांधी सेना (कांग्रेस) पछुवादून कार्यकारिणी की वर्चुअल बैठक आयोजित हुई। इसमें कोरोना काल में आम जनता की समस्याओं के साथ जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने पर विचार विमर्श किया गया। मंगलवार सुबह ऑनलाइन एप के माध्यम से आयोजित वर्चुअल बैठक में पदाधिकारियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। बैठक में प्रमुख रूप से कोरोना काल के दौरान आम आदमी के सामने आ रही समस्याएं प्रमुखता के साथ उठाई गई। प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में केन्द्र और प्रदेश सरकार जरूरतमंदों के प्रति कोई गंभीरता नहीं दिखा रही है। मात्र दिखावे के लिए लोगों की मदद का ढोंग किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से इस संकट की घड़ी में जरूरतमंदों तक हर संभव मदद पहुंचाने का आह्वान भी किया। राष्ट्रीय प्रवक्ता भास्कर चुग ने कोरोना काल के दौरान जारी कोविड- कर्फ्यू में रोजी रोटी को मोहताज लोगों की ओर सरकार का ध्यान खींचा। कहा कि कोरोना की पहली लहर के बाद दूसरी लहर में लोग बड़ी संख्या में बेरोजगार हुए हैं। लेकिन, सरकार के पास उनकी इस समस्या का कोई समाधान नहीं है। उन्होंने सरकार से रोजी रोटी और काम काज से मोहताज लोगों की आर्थिक मदद करने की मांग भी उठाई। इसके अतिरिक्त बैठक में पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती और कोरोना काल में जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने पर चर्चा की। बैठक में यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष दीपक राही, सईद अहमद, विजय कुमार, गुलाब सिंह धीमान, वीरेन्द्र सिंह, एनएच चमोली आदि पदाधिकारी शामिल रहे।
