खेल प्रतियोगिता में नवेंद्र, राजा, माधवी बनी चैम्पियन
श्रीनगर गढ़वाल
बाल दिवस के अवसर पर रेनबो पब्लिक स्कूल चौरास में एथलेटिक मीट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फर्राटा दौड़, चक्का फेंक, लंबी कूद, रिले रेस आदि खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रधानाचार्य डा. रेखा उनियाल ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। साथ ही प्राथमिक वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए बोल रेस, बैलून रेस मेंढक रेस, सैग रेस, जूनियर और सीनियर वर्ग में गोला फेंक, चक्का फेंक, लंबीकूद, फर्राटा दौड, रस्सा कस्सी सहित आदि खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में ब्लू हाउस और सीनियर बालक वर्ग में येलो हाउस विजेता रही। सीनियर वर्ग में बालकों में कक्षा 11वीं के नवेंद्र, जूनियर बालक वर्ग में कक्षा आठवीं के राजा, जूनियर बालिका वर्ग में आठवीं की माधवी ने चैंपियनशिप अपने नाम की। प्रतियोगिता के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्य डा. रेखा उनियाल ने सभी विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
