हत्या मामले में 48 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली
हल्द्वानी
टीपी नगर चौकी क्षेत्र में अमित के हत्यारे को पुलिस 48 घंटे बाद भी नहीं पकड़ पाई है। पुलिस की चार टीमें मंगलवार को रुद्रपुर, खटीमा, नेपाल समेत यूपी बार्डर तक आरोपी की तलाश में जुटी रहीं। सीसीटीवी कैमरे में दिखे संदिग्ध युवक की तलाश भी लगातार जारी है। मूल पीलीभीत और हाल कत्था फैक्ट्री के पास रहने वाले अमित कश्यप (38) पुत्र सुमेर कश्यप की रविवार शाम हत्या कर दी गई थी। पुलिस अमित की हत्या के पीछे रंजिश को कारण मानकर चल रही है। रंजिश पिता की थी या अमित की, यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। अमित के परिजन भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस हत्याकांड के बाद पास के कार शोरूम के सामने से भागे युवक को आरोपी मानकर उसकी तलाश में जुटी है। मंगलवार तक पुलिस 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाल चुकी है। बताया जा रहा है कि हत्यारोपी कार शोरूम से कुछ दूरी पर जंगल की ओर भाग गया होगा। इसके अलावा उस समय यहां से गुजरने वाली गाड़ियों की नम्बर प्लेट के हिसाब से पहचान की जा रही है।
