रोजी रोटी अधिकार अभियान ने सीएम को दिया ज्ञापन
देहरादून
रोजी रोटी अधिकार अभियान मंच ने सीएम तीरथ सिंह रावत को ईमेल से ज्ञापन भेजकर पोषण को लेकर राज्य में आपात स्थिति की आशंका जताते हुए तत्काल जरुरी कदम उठाने की मांग की है। मंच की डा.दीपा सिन्हा, गंगाराम पैकरा, आयशा, कविता श्रीवास्तव, अनुराधा तलवार, मुक्त श्रीवास्तव, अमृता जोहरी ने मुफ्त राशन वितरण का स्वागत करते हुए कहा है कि मई में हुए एक सर्वे से पता चला है कि उत्तराखंड में मजदूरों, लौटे हुए युवाओं और छोटे किसानों की स्थिति गंभीर है। सबसे ज्यादा प्रतिकूल प्रभाव बच्चों पर हो रहा है। 24 मई को उच्चतम न्यायालय ने गैर राशन कार्ड धारकों को राशन देने के लिए कम्यूनिटी किचन खोलने के निर्देश हर राज्य सरकार को दिए। इस आदेश का अमल उत्तराखंड में अभी तक नहीं हुआ है। राजनेताओं, जनप्रतिनिधियों द्वारा राशन किट देने की बजाय राशन का बंटवारा राशन की दुकानों से ही होना चाहिए। ताकि बंटावारा निष्पक्ष व पारदर्शी हो। आंगनबाड़ी और सरकारी स्कूलों में पंजीकृत बच्चों को घर तक सिर्फ राशन ही नहीं पूरा पोषण का किट भेजने की जरूरत है। ज्ञापन में राशन किट में दालों और तेल को शामिल करने और गरीब परिवारों को आर्थिक सहायता देने का भी प्रस्ताव दिया गया है।
