राज्य में ललित कला अकादमी की मांग, सीएम से मिले
देहरादून
राष्ट्रीय ललित कला अकादमी नई दिल्ली की कार्यकारिणी सदस्य डा. ऋचा कांबोज और संस्कार भारतीय के प्रांत संगठन मंत्री रोशनलाल अग्रवाल ने शुक्रवार को सीएम आवास में मुख्यमंत्री तीरथ रावत से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में ललित कलाओं के विकास के लिए राज्य ललित कला अकादमी और राष्ट्रीय ललित कला अकादमी का उप केंद्र खोलने की मांग की। डा. कांबोज ने उन्हें इन केंद्रों का प्रस्ताव देते हुए बताया कि राज्य की स्थापना के 20 वर्ष बाद भी दृश्य कलाओं के लिए उत्तराखंड में ना तो राष्ट्रीय ललित कला अकादमी का कोई उपकेंद्र या केंद्र है ना ही राज्य अकादमी है। कहा कि उपकेंद्र में चित्रकला, मूर्तिकला एवं छापा कला इत्यादि के लिए आवश्यक उपकरण इत्यादि की व्यवस्था राष्ट्रीय ललित कला अकादमी करेगी। इस उपकेंद्र में कलाकारों के काम करने की व्यवस्था होगी। उन्हें अकादमी की ओर से स्कालरशिप भी मिलेगी। इससे युवा कलाकारों को बहुत प्रोत्साहन मिलेगा।
