किसान सेवा सहकारी समिति विवाद में दो सदस्यों के खिलाफ मुकदमा
रुडकी
बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति में हुए विवाद के चलते संचालक मंडल के दो सदस्यों के खिलाफ मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी दिए जाने के आरोप में पुलिस ने प्रबंध निदेशक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति के प्रबंध निदेशक नरेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि संचालक मंडल दल की बैठक में एक प्रस्ताव को लिखा जा रहा था। जिस पर समिति के उपसभापति तथा संचालक मंडल दल के एक सदस्य द्वारा बोर्ड बैठक में हंगामा किया गया। उनके द्वारा जब सदस्यों को शांत रहने के लिए कहा गया तो एक सदस्य जिसका नाम सम्राट देवेंद्र बताया गया है उसके द्वारा अपना लाइसेंस रिवाल्वर निकालकर प्रबंध निदेशक के ऊपर तान दिया गया तथा उसे जान से मारने की धमकी दी गई जिसके चलते बोर्ड बैठक स्थगित की गई। आरोपी के साथ समिति के उपसभापति द्वारा भी अभद्र व्यवहार किया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद किए गए विनोद कुमार तथा संचालक मंडल दल के सदस्य सम्राट देवेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना शहर चौकी प्रभारी शहजाद अली को सौंपी गई है।
