सातवीं बार बार एसोसिएशन अध्यक्ष बने सतीश शुक्ल
उन्नाव।
बार एसोसिएशन के चुनाव में सातवीं बार विजय पताका लहराते हुए सतीश शुक्ल ने अपने प्रतिद्वंदी राम सुमेर सिंह को 338 मतों के भारी अंतर से पराजित किया। चुनाव की मतगणना पूर्व निधार्रित समयानुसार प्रातः 9 बजे से आरंभ होकर देर शाम तक लगभग 10 घंटे चली। परिणाम घोषित होने के बाद सतीश समर्थकों में जहां एक तरफ खुशी की लहर दौड गई तो दूसरी तरफ हार का सामना करने वाले रामसुमेर खेमे में मायूसी की लहर देखी गई। उनके समर्थक चुनाव परिणाम से पूर्व ही वहां से हटना शुरु हो गए थे। परिणाम के बाद समर्थकों द्वारा गर्मजोशी से अपने विजयी प्रत्याशियों का स्वागत करने हुए मुंह मीठा कराया दूसरी तरफ समूचा परिसर आतिशबाजी से गूंज उठा। सतीश शुक्ल कुल 778 अधिवक्ताओं का समर्थन प्राप्त कर अध्यक्ष पद पर विजयी हुए। जब कि महामंत्री पद पर सात लोगो के बीच काटे की टक्कर हुई। जिसमें बृजेंद्र कुमार शुक्ल ने जीत हासिल की। उन्होने अपने प्रतिद्वंदी अजय गौतम को 93 मतो से पराजित किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शिव प्रसाद पाण्डेय ने जीत हासिल की। उन्होने अपने प्रतिद्वंदी पंकज श्रीवास्तव को 69 मतों के अंतर से पराजित किया। बता दें कि मंगलवार को बार एसोसिएशन पुस्तकालय कक्ष में सुबह नौ बजे सबसे पहले वरि. व कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्यों की मतगणना से शुरू हुई। एल्डर कमेटी सदस्य जयराम सिंह, प्रकाश कुमार निगम, विजय कुमार शुक्ल, रश्मि मोहन अग्निहोत्री की देखरेख में 26 सहायक निर्वाचन अधिकारियों ने मतगणना का शुभारंभ किया। मतगणना प्रसारण के लिए बाहर एलईटी का प्रबंध किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सीओ सिटी कृपा शंकर, कोतवाली प्रभारी अखिलेश कुमार पांडेय ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया।
