मलबे से खेती और पाइप लाइन ध्वस्त
विकासनगर
कालसी ब्लॉक के खत बाना की ग्राम पंचायत के लोगों ने जिलाधिकारी को तहसीलदार कालसी के माध्यम से ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि पीएमजीएसवाई ने कोठा बैंड पंजिया मोटर मार्ग का मलबा शगोई खड्ढ में डाल दिया। बीती दस जुलाई को हुई भारी बारिश के कारण मलबे से पुस्तैनी कृषि खेती तबाह हो गयी। पेयजल की लाइन और टैंक ध्वस्त हो गये। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि पीएमजीएसवाई लोनिवि कालसी की लापरवाही ने गांव के सैकड़ों परिवारों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा कर दिया। कहा कि कोठा बैंड पंजिया मोटर मार्ग की कटिंग का मलबा पीएमजीएसवाई ने डंपिंग जोन में न डालकर शगोई खड्ढ में डाल दिया है। कहा कि दस जुलाई को क्षेत्र में दैवीय आापदा आने से खड्ढ में जलजला आने से उनकी पुस्तैनी खेती जिसमें वह नगदी फसलें आदि तैयार कर अपनी रोजीरोटी चलाते आ रहे हैं, वह मलबे में बहकर तबाह हो गयी। पेयजल लाइन व उसका पानी का टैंक मलबे में बहकर ध्वस्त हो गया है। जिससे उनके सामने रोजी रोटी के साथा पीने के पानी का संकट पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने इसके लिए पीएमजीएसवाई को सीधा जिम्मेदार ठहराया। कहा कि ग्रामीणों के विरोध के बावजूद विभाग ने उनकी एक न सुनी और खड्ढ के मलबे ने उनकी जमीन तबाह कर दी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पेयजल योजना की मरम्मत व उजाड़ हुई खेती का मुआवजा देने की मांग की। जिससे वह अपनी पारंपरिक खेती को फिर तैयार कर सकें। ज्ञापन देने वालों में कुंदन सिंह, कल सिंह, किशन सिंह, नरेंद्र चौहान, भाव सिंह, अतर सिंह, दीवान सिंह, सुनील चौहान, नारायण सिंह, संतराम, भवान सिंह आदि शामिल रहे।
