विद्युत बिलों के वितरण में अनियमितताओं की शिकायत

विकासनगर

उत्तराखंड जन जागृति मंच ने ऊर्जा निगम के बिल वितरण में अनियमितताओं की शिकायत विभाग से की है। पदाधिकारियों ने जल्द व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। बुधवार सुबह मंच पदाधिकारियों ने ऊर्जा निगम कार्यालय पहुंचकर ईई के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें पदाधिकारियों ने बताया कि निगम की ओर से उपभोक्ताओं को समय पर बिल वितरित नहीं किए जा रहे हैं। निगम ने जिस ठेकेदार को बिल वितरण कार्य सौंपा है, उसके कर्मचारी मनमाने ढंग से उपभोक्ताओं तक बिल पहुंचा रहे हैं। जिसमें कई उपभोक्ताओं को पांच से छह माह बाद अपने बिल मिल पा रहे हैं। ऐसे में एक साथ पांच-छह माह का बिल जमा कर पाना उपभोक्ताओं के लिए संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने ईई से मांग पर संज्ञान लेते हुए प्रकरण की जांच कर कार्रवाई का अनुरोध किया है। साथ ही निर्धारित समयावधि तक बिलों का वितरण सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश अध्यक्ष अरविंद शर्मा, सुशील शाहू, संजय शर्मा, विजयपाल, रितू ठाकुर, सरिता चौहान, गुड्डी चौहान आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *