नशे के बढ़ते कारोबार पर रोक लगाने की मांग की
विकासनगर।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में पनपने नशे के कारोबार पर एसडीएम का ध्यान खींचा है। कार्यकर्ताओं ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर नशे के कारोबार पर रोक लगाने को सख्त कार्रवाई की मांग की है। बुधवार सुबह मोर्चा महामंत्री संजय तोमर के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में मौजूद प्रशासिक अधिकारी के माध्यम से एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर चिंता व्यक्त करते हुए नशा तस्करी पर अंकुश लगाने की मांग की। बताया कि भाजयुमो ने क्षेत्र में नशा छोड़ो, घर जोड़ो अभियान शुरू किया है। इसमें कार्यकर्ता युवाओं और उनके परिजनों को नशे के खिलाफ जागरूक करेंगे। लेकिन क्षेत्र में नशे का कारोबार कर रहे लोगों के कारण युवा लगातार नशे की गिरफ्त में धंसते जा रहे हैं। यदि नशे का कारोबार करने वालों को पकडक़र सलाखों के पीछे धकेल दिया जाए, तो आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाया जा सकता है। उन्होंने एसडीएम से जल्द मांग पर संज्ञान लेते हुए तहसील प्रशासन की ओर से नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में सुभाष रावत, विक्रम चौहान, कांति चौहान, राहुल पंवार, राजेन्द्र चौहान, अजय चौहान, मुराद हसन, सोनू चौहान, नीरज नौटियाल, कपिल नेगी, तेजन तोमर, नीरज नौटियाल आदि शामिल रहे।
