ब्रेक फेल होने के बाद रोडवेज बस ने ठेले और बाइकों को रौंदा,एक की मौत

 
 
कानपुर।
कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर सरसौल ओवरब्रिज उतरते ही सुबह रोडवेज बस का ब्रेक फेल हो गया। बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे फल विक्रेताओं के ठेले और बाइकों को रौंदते हुए मिट्टी के ढेर में टकराकर रुक गई। हादसे में एक फल विक्रेता की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को क्रेन से हटवाया। इसके बाद हाईवे की लेन पर यातायात सुचारु हो सका। फतेहपुर रोडवेज डिपो की बस गुरुवार की सुबह झकरकटी अड्डे से सवारियां लेकर फतेहपुर की ओर जा रही थी। हाईवे पर सरसौल ओवरब्रिज उतरते ही अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया। बस अनियंत्रित हो गई। बस चालक जावेद ने किसी तरह से बस को रोकने का प्रयास किया,लेकिन बस हाईवे किनारे फल के ठेले और बाइकों को रौंदते हुए मिट्टी के ढेर से टकराकर रुक गई।
हादसे से मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। बस की चपेट में आकर फल का ठेला लगाए सरसौल निवासी रामविलास पासवान (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से मलबा हटाकर घायल रामविलास को बाहर निकाला और सरसौल सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे से बस के कुछ यात्री चुटहिल हुए है।
पुलिस ने सभी सवारियों को दूसरी बस से भेजा। घटना से हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने तुरंत दो क्रेन बुलाकर बस को हटवाया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बस को हटवाकर जाम खुलवाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि,यदि बस मिट्टी के ढेर में नहीं रुकती या पलट जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। महाराजपुर एसओ राघवेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में यात्री घायल नहीं हुए। फल विक्रेता बस की चपेट में आ गए जिससे उनकी मौत हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *