माढ़ापुर- बरुआ घाट मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर सौंपा पत्र

बांगरमऊ उन्नाव।
बांगरमऊ- माढ़ापुर- बरुआ घाट मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर प्रमुख समाज सेवी एवं सपा नेता संजीव त्रिवेदी के नेतृत्व में कटरी क्षेत्र के ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग उठाई गई है कि लोक निर्माण विभाग एक हफ्ते के अंदर मार्ग निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ करे। अन्यथा आगामी 6 अगस्त को ग्राम बरुआघाट से पदयात्रा शुरू की जाएगी।
प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि बांगरमऊ- माढ़ापुर- बरुआ घाट अति महत्वपूर्ण मार्ग है। इस मार्ग से क्षेत्र के भिखारीपुर कस्बा, सकरौली, शिवपुरी, कमलापुर, परशुरामपुर, राजेपुर, कटरी गदनपुर आहार व दौलतपुर सहित करीब आधा सैकड़ा गांव संबद्ध हैं। इसके अलावा मार्ग पर करीब तीन दर्जन सरकारी प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालय और एक दर्जन संस्थागत इंटर कॉलेज तथा दो साधन सहकारी समितियों के गोदाम आदि उपक्रम स्थित हैं। मार्ग ध्वस्त होने से गंगा और कल्याणी नदियों के दोआबा क्षेत्र मे बसे ग्रामीणों को जहां आवागमन में भीषण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वही समिति के गोदामों पर खाद और बीज नहीं पहुंच पा रहा है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जिले के लोक निर्माण विभाग को जल्द मार्ग के चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दें। अन्यथा क्षेत्र के ग्रामीण कोविड नियमों का पालन करते हुए आगामी 6 अगस्त को बरुआ घाट से बांगरमऊ तक शांतिपूर्ण ढंग से पदयात्रा कर संघर्ष का बिगुल फूंकेंगे। ज्ञापन देने में अब्दुल रशीद, साबिर अली, मोहम्मद वहीद, सुशील कुमार, श्रवण कुमार, सर्वेश कुमार, भूपेंद्र यादव, मुजम्मिल एडवोकेट, अर्सलान, प्रभात मिश्रा, नवनीत त्रिवेदी, विजय यादव, अजीत यादव व समीर खान आदि ग्रामीण शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *