7.79 लाख की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत कोतवाली अल्मोड़ा और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक युवक को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 7.79 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बेस तिराहे से करबला जाने वाले पैदल मार्ग की सीढ़ियों के पास एक युवक को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 25.98 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी अवधेश कुमार टम्टा (27) निवासी टम्टा मोहल्ला, अल्मोड़ा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली अल्मोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कई मामले दर्ज हैं। मामले में बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और आपूर्ति श्रृंखला की जांच की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक नीरज सिंघल, कांस्टेबल इरशाद उल्ला तथा कांस्टेबल हरीश प्रसाद शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *