सोनी बिनसर के पास कार खाई में गिरी, दो लोगों की मौत

जिले के सोनी बिनसर क्षेत्र में एक कार के गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार कोतवाली रानीखेत क्षेत्र अंतर्गत सोनी बिनसर के पास एक डस्टर वाहन लगभग 200 मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गया। घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट भिकियासैंण से उपनिरीक्षक पुष्कर जीना के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि वाहन सोमवार रात दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। वाहन में दो लोग सवार थे और दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। एसडीआरएफ टीम ने कठिन भू-भाग और विषम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर शवों को खाई से बाहर निकाला और जिला पुलिस को सौंप दिया। मृतकों में एक की पहचान जीवन चंद्र जोशी पुत्र पूरन सिंह जोशी निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *