संदिग्ध परिस्थितियों में नवयुवक की मौत
महोली (सीतापुर)
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत के मास्टर कॉलोनी पूर्वी वार्ड निवासी एक नवयुवक की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई है। मृतक के परिजनों ने स्थानीय पुलिस को सूचना देकर मामले में नगर के एक व्यक्ति पर साजिशन हत्या कराने का आरोप लगाया है। कस्बे में मास्टर कॉलोनी पूर्वी के निवासी आंखों से विकलांग अजय पांडे पुत्र स्व. कमलेश पांडे उम्र 23 वर्ष जो खेती किसानी का कार्य करता था। बीते गुरुवार दोपहर को अजय अपने घर पर जाकर घर के कमरे में लेट गया। रात के करीब जब अजय की मां खाना खाने के लिए बुलाने गई तो अजय को निर्वस्त्र अवस्था में मृत पाया। मृतक अजय की माता ने पुलिस को सूचना देकर नगर के निवासी आलोक शुक्ला पर साजिशन जहरीली शराब पिलाकर हत्या कराने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है पूर्व में तकरीबन 15-16 बीघा जमीन आलोक ने बहला फुसलाकर अपने नाम करा ली थी। जिसकी वजह से मृतक काफ ी परेशान रहता था। जमीन से संबंधित अजय का एक मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि आलोक शुक्ला के द्वारा साजिशन शराब में जहर पिला दिया गया है जिसकी वजह से उसकी मौत हुयी है। मिली जानकारी के अनुसार करीब एक वर्ष पूर्व अजय के बड़े भाई टिंकू पांडे को भी एक संपत्ति विवाद के मामले में शराब में जहर दे दिया गया था और उसकी मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
